भाजपा समर्थकों में मारपीट से मऊगंज की सियासत गरम, लौर थाने में दोनों पक्षों पर केस

भाजपा समर्थकों में मारपीट से मऊगंज की सियासत गरम, लौर थाने में दोनों पक्षों पर केस

मऊगंज। जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद सुरेंद्र सिंह चंदेल और शिवपुरवा निवासी गंगा प्रसाद द्विवेदी के बीच बताया जा रहा है। दोनों को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम के समर्थक के रूप में बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, विधायक गिरीश गौतम की मौजूदगी के दौरान ही दोनों के बीच विवाद बढ़ा और मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई।

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद मामला लौर थाने तक पहुंचा। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों तरफ से प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाने में भी हंगामे की सूचना

घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक शिकायत लेकर लौर थाना पहुंचे। इस दौरान थाना परिसर में भी हंगामा होने की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच थाने में भी विवाद की स्थिति बनी। हालांकि, पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

मऊगंज एसडीओपी सचि पाठक ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध कायम किया गया है। पुलिस द्वारा घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

घटना के बाद देवतालाब विधानसभा क्षेत्र की स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा से जुड़े दो पक्षों के समर्थकों के बीच विवाद और मारपीट की घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद विवाद की वास्तविक वजह, मारपीट में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post