![]() |
| आंगनबाड़ी केंद्र जमुहरा में वित्तीय साक्षरता सामुदायिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित |
रीवा। ग्राम पंचायत जमुहरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 1 अक्टूबर 2026 को वित्तीय साक्षरता सामुदायिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती संध्या द्विवेदी ने की। शिविर में आशा कार्यकर्ता, सहायिका सहित गांव के अन्य हितग्राही मौजूद रहे।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी योजनाएं शासकीय बैंकों के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। पात्र हितग्राही अपने बैंक खाते से संबंधित बैंक शाखा में संपर्क कर इन योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का नियमित उपयोग करने, अपने बैंक खाते को सक्रिय रखने तथा शासन की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। आयोजकों ने कहा कि वित्तीय साक्षरता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सुविधाओं, बीमा, पेंशन और बचत से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक बनाना है।
