![]() |
| रीवा मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल छात्रों का हल्ला बोल, डीन कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन |
रीवा। श्याम शाह मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल में मंगलवार को पैरामेडिकल छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र डीन कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई। छात्रों ने डीन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का जल्द निराकरण किए जाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे पैरामेडिकल छात्रों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें ICU, इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर और ट्रॉमा सेंटर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में ड्यूटी करनी पड़ती है। छात्रों के अनुसार वे प्रतिदिन करीब 8 से 10 घंटे तक अस्पताल में अपनी सेवाएं देते हैं। इन विभागों में काम के दौरान मरीजों की गंभीर स्थिति से निपटने के साथ-साथ संक्रमण और अन्य जोखिमों का भी सामना करना पड़ता है।
छात्रों का आरोप है कि इतनी लंबी और जिम्मेदारी वाली ड्यूटी के बावजूद उन्हें किसी तरह का मासिक स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है। छात्रों ने कहा कि प्रशिक्षण के साथ अस्पताल की व्यवस्था में भी उनकी भूमिका रहती है, ऐसे में उन्हें उनकी सेवाओं के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड दिया जाना चाहिए।
वहीं, छात्रवृत्ति को लेकर भी छात्रों ने अपनी परेशानी सामने रखी। छात्रों के मुताबिक अभी तक स्कॉलरशिप पोर्टल नहीं खोला गया है, जिसके कारण वे छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए यह स्थिति परेशानी का कारण बन रही है।
छात्रों ने डीन के सामने अपनी मांगें रखते हुए कहा कि स्कॉलरशिप प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और पैरामेडिकल छात्रों के लिए स्टाइपेंड की व्यवस्था की जाए। छात्रों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे अस्पताल में किए जाने वाले कार्यों का बहिष्कार करने पर मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
