| पीडब्ल्यूडी की अनदेखी से बदहाल हुई सड़क, बारिश में जलजमाव ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी |
अनूपपुर - विकासखंड अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलाई में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क इन दिनों बदहाली का दंश झेल रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों के लिए सड़क और अधिक खतरनाक हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण हुए पांच साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक इसकी समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
कई गांवों के आवागमन का प्रमुख रास्ता
अमलाई क्षेत्र की यह सड़क आसपास के कई गांवों को आपस में जोड़ती है। देवरी, मोहरी, सराईहा, छिल्पा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण रोजाना इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को हो रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कई स्थानों पर सड़क का डामर उखड़ चुका है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी जमा हो जाता है। इससे वाहन चालकों को सड़क के किनारे से निकलना पड़ता है। कई बार सामने से वाहन आने पर स्थिति और मुश्किल हो जाती है।
पंचायत ने डलवाई थी मुर्रम और डस्ट
ग्राम पंचायत अमलाई के सचिव राजू सोनी ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए पिछले वर्ष पंचायत की ओर से आवागमन सुचारू करने के उद्देश्य से सड़क पर मुर्रम और डस्ट डलवाई गई थी। इसके बावजूद बारिश के बाद सड़क पर दोबारा गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति भी निर्मित हो गई है।
पीडब्ल्यूडी को कई बार कराया अवगत
सचिव के मुताबिक सड़क की स्थायी मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को कई बार अवगत कराया गया है। इसके बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी रूप से मुर्रम डालने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। सड़क की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण तरीके से मरम्मत कराना जरूरी है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लेने और जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर जलजमाव और गड्ढों के कारण किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय विभाग को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए।