कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी का कड़ा एक्शन; मऊगंज और रीवा में नियमों की धज्जियां उड़ा रहे निजी स्कूलों पर प्रशासनिक हड़कंप

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी का कड़ा एक्शन; मऊगंज और रीवा में नियमों की धज्जियां उड़ा रहे निजी स्कूलों पर प्रशासनिक हड़कंप

रीवा - रीवा जिले में निजी स्कूलों द्वारा मान्यता के नियमों का उल्लंघन करने का बड़ा खुलासा हुआ है। रेलवे स्टेशन के पास संचालित सन ब्राइट स्कूल को केवल कक्षा आठवीं तक की मान्यता प्राप्त थी, लेकिन इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन गैर-कानूनी तरीके से नौवीं और दसवीं के छात्रों का दाखिला लेकर पढ़ाई करवा रहा था। शिकायत की पुष्टि होने के बाद कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्कूल को तत्काल प्रभाव से सील करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

जांच में खुली पोल, कलेक्टर ने दिए सीलिंग के आदेश

रेलवे स्टेशन के समीप संचालित सन ब्राइट स्कूल के खिलाफ प्रशासन को शिकायत मिली थी कि स्कूल प्रबंधन बिना मान्यता के 9वीं और 10वीं की कक्षाएं चला रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की टीम ने जब मामले की जांच की, तो शिकायत पूरी तरह सही पाई गई। जांच रिपोर्ट सामने आते ही कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल को सील करने का हुक्म दिया।

छात्रों के भविष्य की सुरक्षा: दूसरे मान्यता प्राप्त स्कूलों में होगा दाखिला

कार्रवाई के दौरान छात्रों के शैक्षणिक भविष्य का ध्यान रखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सन ब्राइट स्कूल में 9वीं और 10वीं में पढ़ रहे सभी विद्यार्थियों को आसपास के अन्य वैध एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

रीवा और मऊगंज जिले में फैला है फर्जीवाड़े का जाल

गौरतलब है कि 'दैनिक आज तक 24' द्वारा पूर्व में भी इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया जा चुका है कि कैसे एक स्कूल की मान्यता की आड़ में कई गैर-मान्यता प्राप्त शाखाएं और स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। रीवा के साथ-साथ नवीन जिले मऊगंज के हर विकासखंड में ऐसे कई निजी स्कूल धड़ल्ले से चल रहे हैं, जिन पर शिक्षा विभाग अब तक लगाम लगाने में नाकाम रहा है। प्रशासन का कहना है कि शिक्षा के नाम पर व्यापार करने और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ऐसे सभी फर्जी संस्थानों के खिलाफ आगे भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।





Post a Comment

Previous Post Next Post