नीम चौराहा क्षेत्र की घटना; आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश/बदमाशों ने मचाया उत्पाद, इलाके में दहशत

नीम चौराहा क्षेत्र की घटना; आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश/बदमाशों ने मचाया उत्पाद, इलाके में दहशत

रीवा - मध्य प्रदेश के रीवा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत नीम चौराहा पर बेखौफ बदमाशों की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुकान में बैठकर शराब पीने से मना करने पर आधा दर्जन से अधिक मनबढ़ दबंगों ने दो भाइयों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात की पूरी तस्वीर दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

शराब पिलाने की ज़िद पर अड़े थे बदमाश

पीड़ितों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नीम चौराहा स्थित उनकी दुकान पर कुछ असामाजिक तत्व पहुँचे और दुकान के अंदर ही बैठकर शराब पीने की मांग करने लगे। जब दुकान संचालक भाइयों ने इसका विरोध किया और दुकान में शराब पिलाने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी आगबबूला हो गए। देखते ही देखते आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। करीब आधे दर्जन से ज्यादा दबंग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर दुकान के अंदर घुस आए और दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

CCTV में कैद हुई पूरी गुंडागर्दी

घटना के दौरान आरोपियों ने दोनों भाइयों को संभलने तक का मौका नहीं दिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के व्यापारियों व रहवासियों में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश

वारदात के तुरंत बाद पीड़ित भाइयों ने विश्वविद्यालय थाने पहुँचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस का पक्ष:

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर युवकों की पहचान की जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post