जयपुर के श्री होटल में युवक की गला घोंटकर हत्या, YouTube देखकर पुलिस से बचने का तरीका ढूंढ रहे दो आरोपी दौसा से गिरफ्तार

जयपुर के श्री होटल में युवक की गला घोंटकर हत्या, YouTube देखकर पुलिस से बचने का तरीका ढूंढ रहे दो आरोपी दौसा से गिरफ्तार

जयपुर - जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के बिन्दायका थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में हुई युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हत्या के दोनों आरोपियों को दौसा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने जुर्म छुपाने और पुलिस से बचने के लिए यूट्यूब (YouTube) का सहारा लिया था, लेकिन पुलिस के चक्रव्यूह के आगे उनकी एक न चली

क्या था पूरा मामला? पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम, श्री प्रशान्त किरण ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को बिन्दायका के श्री होटल सिवांर मोड़ के कमरा नंबर 201 में एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान दिनेश उर्फ दन्शी गवारिया के रूप में हुई। होटल रिकॉर्ड से पता चला कि एक दिन पहले मृतक अपने दो साथियों—संजय कुमार कासोटिया (19) और नितेश गवारिया (21) के साथ होटल में रुका था, जो घटना के बाद से ही अपने मोबाइल बंद कर फरार थे। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राजेश गुप्ता के सुपरविजन और एसीपी श्री दीपक खण्डेलवाल के निर्देशन में थानाधिकारी अनिल जैमिनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया

शराब के खर्चे को लेकर हुआ था विवाद पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक दिनेश को पैसों की जरूरत थी, जिसके लिए नितेश ने अपने दोस्त संजय कासोटिया से लोन दिलवाने की बात कही थी। तीनों 24 जुलाई को सुबह होटल में रुके और साथ में शराब पी। शाम को शराब पार्टी के खर्चे को लेकर तीनों के बीच विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि नितेश और संजय ने मिलकर दिनेश के गले में पड़े स्टॉल (दुपट्टे) से ही उसका गला घोंट दिया और फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर से हत्या में इस्तेमाल दुपट्टा भी बरामद कर लिया है

YouTube पर ढूंढ रहे थे बचने का रास्ता, खाटूश्यामजी में मांगी माफी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपने फोन फ्लाइट मोड पर डाल दिए और मृतक का फोन छीनकर उसकी सिम जयपुर रेलवे स्टेशन के पास तोड़ दी। फरारी के दौरान दौसा की एक होटल में वाई-फाई (Wi-Fi) कनेक्ट कर दोनों ने यूट्यूब पर सर्च किया कि 'हत्या के बाद कैसे बचें', 'पुलिस कैसे पकड़ती है' और 'इस जुर्म में कितने साल की सजा होती है'। इतना ही नहीं, दोनों आरोपी पाप की माफी मांगने के लिए सीकर स्थित खाटूश्याम मंदिर भी गए और वहां से लौटकर गुजरात भागने की फिराक में थे

300 से ज्यादा कैमरों की फुटेज और चाय की थड़ी पर दबोचे गए आरोपी आरोपियों की तलाश में जुटी बिन्दायका पुलिस की टीम ने दौसा जिले के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटलों और टोल टैक्स के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसी दौरान टीम के कांस्टेबल श्रीराम (12117) को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध भण्डारेज रोड स्थित गोविंद देव जी मंदिर के पास एक चाय की थड़ी पर बैठे हैं। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन कांस्टेबल श्रीराम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल श्रीराम और कांस्टेबल शुभम की विशेष भूमिका रही



Post a Comment

Previous Post Next Post