![]() |
| खटखरी में दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत के बाद हाईवे पर बवाल |
मऊगंज - जिले के खटखरी में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। हाईवे-135 ओवरब्रिज के पास सड़क पार कर रहे रज्जन प्रजापति को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। उनका साफ कहना था कि "जब तक ट्रक चालक पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी और न्याय का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक जाम नहीं हटेगा।" देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने मोटरसाइकिल से ट्रक का पीछा किया और उसका वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को रायपुर थाना क्षेत्र में पकड़कर जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, एसडीओपी, शाहपुर थाना प्रभारी, तहसीलदार सहित पुलिस और प्रशासन का पूरा अमला मौके पर पहुंचा। करीब चार घंटे तक चली समझाइश और बातचीत के बाद रात लगभग 12 बजे परिजन शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा।
