हाईवे पर मौत, फिर 5 किमी तक पीछा: युवक को कुचलकर भागा ट्रक, ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर पकड़वाया

हाईवे पर मौत, फिर 5 किमी तक पीछा: युवक को कुचलकर भागा ट्रक, ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर पकड़वाया  

मऊगंज - जिले के खटखरी गांव स्थित हाईवे-135 पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। ओवरब्रिज के पास सड़क पार कर रहे 21 वर्षीय रज्जन प्रजापति को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया, वीडियो बनाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाद में ट्रक को रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में पकड़कर जब्त कर लिया।

हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव हाईवे-135 पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, वाहन जब्त किया जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। जाम के कारण कुछ समय तक हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजेश मेहता, एसडीओपी सचि पाठक, शाहपुर थाना प्रभारी, तहसीलदार सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया। काफी समझाइश के बाद परिजन जाम समाप्त करने पर राजी हुए, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया।

मृतक के परिजन पुष्पेंद्र प्रजापति ने बताया कि हादसे के बाद चालक तेज गति से भाग निकला। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसका पीछा किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। उन्होंने कहा कि परिवार की एकमात्र मांग दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है।

एसडीओपी सचि पाठक ने बताया कि परिजनों की मांग के अनुसार ट्रक को रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में पकड़ लिया गया है। वाहन जब्त कर लिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर आरोपी चालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।





Post a Comment

Previous Post Next Post