38 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद सीआरपीएफ इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद मिश्रा सेवानिवृत्त, पैतृक गांव में तिरंगा यात्रा के साथ हुआ नागरिक अभिनंदन

38 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद सीआरपीएफ इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद मिश्रा सेवानिवृत्त, पैतृक गांव में तिरंगा यात्रा के साथ हुआ नागरिक अभिनंदन

रीवा - देश की आंतरिक सुरक्षा में लगभग चार दशकों तक अद्वितीय सेवा देने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के इंस्पेक्टर  राजेंद्र प्रसाद मिश्रा 31 जुलाई 2026 को जीसी चंदौली (उत्तर प्रदेश) से सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हो गए। उनके 38 वर्षों के गौरवशाली सेवाकाल की पूर्णता पर उनके पैतृक गांव लोरी नंबर-2, थाना गढ़, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) में  नागरिकों ने  अभिनंदन किया। 

स्वर्गीय भगवानदीन मिश्रा के सुपुत्र  राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने अपने जीवन के अमूल्य 38 वर्ष केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को समर्पित किए। सेवा के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अनुशासन, ईमानदारी, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय दिया। यही कारण है कि वे अपने वरिष्ठ अधिकारियों, साथियों और समाज के बीच सदैव सम्मान के पात्र रहे।

उनकी सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कलवारी मोड़ कटरा से ग्राम लोरी नंबर-2 तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, शुभचिंतक एवं परिजन शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोग पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान करते रहे। मार्ग में अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

गांव पहुंचने पर  राजेंद्र प्रसाद मिश्रा का पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अपने जीवन के 38 वर्ष राष्ट्र सेवा को समर्पित करना अत्यंत गौरव का विषय है। श्री मिश्रा का जीवन अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है।

वक्ताओं ने कहा कि वर्दी से सेवानिवृत्ति अवश्य होती है, लेकिन राष्ट्र सेवा का भाव कभी समाप्त नहीं होता। श्री मिश्रा का अनुभव और व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी देश सेवा और समाज सेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं। समारोह के अंत में सभी ने  राजेंद्र प्रसाद मिश्रा के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post