अतिथि शिक्षक की भर्ती को लेकर शाहपुर हायर सेकेंडरी में बवाल, नियम अनुसार समय पर भर्ती न करने के प्राचार्य पर लगे आरोप

अतिथि शिक्षक की भर्ती को लेकर शाहपुर हायर सेकेंडरी में बवाल, नियम अनुसार समय पर भर्ती न करने के प्राचार्य पर लगे आरोप

उमरिया - उमरिया जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल शाहपुर में अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर भारी बवाल खड़ा हो गया है। विद्यालय में पूर्व से कार्यरत अतिथि शिक्षकों ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए आरोप लगाया है कि शासन के स्पष्ट दिशानिर्देशों के बावजूद समय पर भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है और अपने चहेतों को लाभ पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला? अतिथि शिक्षकों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जनजातीय कार्य विभाग भोपाल द्वारा जारी आदेश पत्र क्रमांक 4/E-1372212/2026/12453 (दिनांक 04 जुलाई 2026) के तहत भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराई जानी थी। पाली ब्लॉक के अन्य सभी विद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी हो चुकी है, लेकिन शाहपुर संकुल एकमात्र ऐसा केंद्र है जहाँ आज तक भर्ती नहीं की गई।

पूर्व से कार्यरत अतिथि शिक्षकों का कहना है कि उनका परीक्षा परिणाम शासन के नियमानुसार उत्कृष्ट रहा है, फिर भी उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। आरोपों के मुताबिक, संस्था के प्राचार्य तरूणेश झा द्वारा एस.एम.डी.सी. (SMDC) की बैठकों में ऐसे व्यक्तियों को शामिल किया जा रहा है जो पूर्व से विवादित या ब्लैकलिस्टेड हैं। बैठकों में आपसी वाद-विवाद की स्थिति निर्मित कर बैठकों को रद्द कर दिया जाता है, जिससे भर्ती प्रक्रिया जानबूझकर अटका कर रखी गई है।

एक माह से छात्रों की पढ़ाई ठप, निष्पक्ष जांच की मांग अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति न होने और नियमित शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता न होने के कारण पिछले एक महीने से विद्यालय में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह बाधित है। विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है, जिसे लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।

पीड़ित अतिथि शिक्षकों ने वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की शिकायत करते हुए मांग की है कि शाहपुर संकुल की इस भर्ती प्रक्रिया में तत्काल पारदर्शिता लाई जाए। उन्होंने मांग की है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए योग्य एवं नियमानुसार पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती शीघ्र पूर्ण कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों की प्रभावित हो रही पढ़ाई को पटरी पर लाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post