| इंस्टाग्राम हैकिंग का शक: युवक को पीट-पीटकर किया लहूलुहान, इनकार करने पर बरसाए डंडे और पत्थर |
सीहोर - सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने के संदेह में एक युवक पर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामला सीहोर जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम सोठी जोड़ घाटपलासी रोड का है, जहां इंस्टाग्राम हैक करने के झूठे शक में एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों और थप्पड़ों से लहूलुहान कर दिया गया। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता फारूक जो पेशे से ड्राइवर है, ने पुलिस को बताया कि आज 13 जुलाई की सुबह वह काम के सिलसिले में श्यामपुर आया था। जैसे ही वह सोठी जोड़ घाटपलासी रोड पर स्थित नन्दू प्रजापति की दुकान के पास पहुंचा, वहां ग्राम रावनखेड़ा के अनस खान और मुस्ताक खान ने उसे रोक लिया। अनस खान ने युवक पर आरोप लगाया कि तूने मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया है। जब युवक ने हैक करने की बात से साफ़ इनकार किया, तो दोनों आरोपी भड़क गए और गंदी-गंदी गालियां देने लगे।गाली देने का विरोध करने पर आरोपी मुस्ताक खान ने युवक पर डंडे से जोरदार हमला कर दिया, जो सीधे उसकी नाक पर लगा। वार इतना तेज था कि युवक की नाक से खून बहने लगा। इसी बीच अनस खान ने भी उसके साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर जब तक वहां मौजूद समीर खान नामक व्यक्ति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तब तक रावनखेड़ा के ही अन्य युवकबबला खान, शादाब खान, लईक खान, गब्बर खान और शाहरुख भी वहां पहुंच गए। इन सभी ने भी युवक के साथ मारपीट की और जाते-जाते धमकी दी, पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।