मऊगंज आईटीआई के दीक्षांत समारोह में 190 प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार, टाटा-मारुति जैसी कंपनियों में मिला अवसर

मऊगंज आईटीआई के दीक्षांत समारोह में 190 प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार, टाटा-मारुति जैसी कंपनियों में मिला अवसर

मऊगंज। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मऊगंज में दीक्षांत समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में अतिथियों ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का महत्व बताते हुए अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पातुलखी के प्राचार्य श्री विष्णु मिश्रा रहे, जबकि अध्यक्षता श्री अवनीश सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएन द्विवेदी, एलडीएम मऊगंज श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल, वित्तीय सलाहकार श्री संतोष मिश्रा एवं उपजेल मऊगंज के अधीक्षक श्री ध्रुवनारायण मिश्रा उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान संस्थान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी सामने आई। बताया गया कि विगत माह आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से लगभग 190 प्रशिक्षणार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं विभागों में प्लेसमेंट हुआ है। इनमें टाटा, मारुति और आयशर जैसी कंपनियों के साथ मध्य प्रदेश विद्युत विभाग तथा पुलिस विभाग में रोजगार के अवसर शामिल हैं।

अतिथियों ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ।



Post a Comment

Previous Post Next Post