![]() |
| मऊगंज में आंखों के इलाज की बड़ी सौगात: याग लेजर और फेको मशीन का शुभारंभ, अब रीवा-चित्रकूट नहीं जाना पड़ेगा |
मऊगंज - जिला अस्पताल में सोमवार को आंखों के मरीजों के लिए बड़ी राहत देने वाली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत हुई। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सिविल अस्पताल पहुंचकर याग लेजर मशीन और फेको मशीन सहित अत्याधुनिक नेत्र उपकरणों का शुभारंभ किया। इन मशीनों के शुरू होने से अब जिले के मरीजों को इलाज और जांच के लिए रीवा, चित्रकूट, प्रयागराज या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मऊगंज सिविल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जिले को तीन अत्याधुनिक नेत्र मशीनें मिली हैं, जिनमें एक मशीन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए और अन्य मशीनें मरीजों की नियमित जांच के लिए उपयोग में लाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन 50 से अधिक आंखों के मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं और अब उन्हें बेहतर सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मण पटेल ने बताया कि फेको मशीन के माध्यम से अत्याधुनिक तकनीक से मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाएगा। अब तक यह सुविधा केवल रीवा और चित्रकूट जैसे बड़े शहरों में उपलब्ध थी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान लगाए जाने वाले लेंस भी शासन की ओर से अस्पताल में उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मरीजों का आर्थिक बोझ कम होगा। डॉ. पटेल ने बताया कि याग लेजर मशीन की मदद से मोतियाबिंद ऑपरेशन के दो से तीन वर्ष बाद लेंस में आने वाली धुंधलाहट और अन्य समस्याओं का उपचार भी मऊगंज में ही किया जा सकेगा। इसके लिए मरीजों को अब बड़े शहरों में जाकर खर्च नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में लगभग 70 से 75 प्रतिशत आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हो चुकी हैं और शेष मशीनें भी जल्द उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।
इस दौरान कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर साफ-सफाई और सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने किचन का भी निरीक्षण किया और भर्ती बच्चों एवं मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, देसी घी के लड्डू तथा पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने स्वयं आंखों की जांच कराकर मशीनों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. एच.डी. कोल, डॉ. प्रद्युम्न शुक्ला, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मण पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
