![]() |
| डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने रेड क्रॉस सोसायटी में नवीन कृत्रिम अंग निर्माण इकाई का किया शुभारंभ |
रीवा - विंध्य क्षेत्र के दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रीवा जिले को एक बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने आज रीवा जिला रेड क्रॉस सोसायटी परिसर में नवनिर्मित 'नवीन कृत्रिम अंग निर्माण इकाई' का विधिवत शुभारंभ किया। इस आधुनिक इकाई के शुरू होने से अब क्षेत्र के दिव्यांग भाई-बहनों को कृत्रिम अंग (जैसे कृत्रिम हाथ और पैर) बेहद आसानी से और बिना किसी प्रशासनिक या तकनीकी विलंब के स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे।
गौरतलब है कि अब तक रीवा और आसपास के जिलों के दिव्यांगों को कृत्रिम अंगों के लिए जयपुर की एक बाहरी संस्था पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसके कारण अंगों के आने में काफी लंबा वक्त लगता था और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
अब रीवा की रेड क्रॉस सोसायटी स्वयं आत्मनिर्भर बन चुकी है। यह इकाई न केवल रीवा जिला, बल्कि समूचे विंध्य क्षेत्र के दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता के कृत्रिम अंग समय पर तैयार करके प्रदान करेगी, जिससे उनके जीवन की राह आसान होगी। उद्घाटन अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और रेड क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
