![]() |
| मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के दोनों आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार |
मऊगंज/लौर - मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस संवेदनशील घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और महज 24 घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊगंज श्री सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शशिकांत सरेआम तथा एसडीओपी मऊगंज श्रीमती सचि पाठक के कुशल मार्गदर्शन में लौर थाना पुलिस द्वारा अंजाम दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 जुलाई 2026 को थाना लौर में एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पीड़िता को महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पीड़िता द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर लौर थाने में अपराध क्रमांक 318/26 धारा 64(2)M, 70(2), 137(2), 87 भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित 5g, 5l, 6 पोक्सो (POCSO) एक्ट और 3(2)V, 3(1)W(ii) एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया। अपराध कायम होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धरदबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में समीर अंसारी (पिता इजहार अली खान, उम्र 21 वर्ष) निवासी ग्राम हंसलो, थाना नईगढ़ी और ऐफाज मोहम्मद उर्फ सोनू (पिता रिजवान अंसारी, उम्र 25 वर्ष) निवासी ग्राम सरवरा, थाना लौर शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है।
इस टीम का रहा विशेष योगदान इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में लौर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक (सउनि) योगेन्द्र प्रसाद तिवारी, प्रधान आरक्षक अवनीश पाण्डेय, आरक्षक शत्रुघ्न सिंह, वीरेंद्र शुक्ला, अजय मौर्य, महिला प्रधान आरक्षक बेदी सिंह और आरक्षक नूतन मिश्रा की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।
