रीवा में कुलदेवी मनकठी माता मंदिर में मूर्ति खंडित, धार्मिक सामग्री चोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश

रीवा में कुलदेवी मनकठी माता मंदिर में मूर्ति खंडित, धार्मिक सामग्री चोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश

रीवा। जिले के गढ़ क्षेत्र अंतर्गत गोरहा तालाब स्थित कुलदेवी मनकठी माता मंदिर में मूर्ति खंडित किए जाने की घटना सामने आने से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि 19 और 20 नवंबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा मंदिर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया गया। मंदिर से धार्मिक सामग्री चोरी होने की शिकायतें भी पूर्व में सामने आ चुकी हैं। लगातार इस तरह की घटनाओं से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और मंदिरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मंदिर में इससे पहले भी घंटी, पूजा सामग्री और मूर्तियां चोरी होने की लिखित सूचना गढ़ थाने में दी जा चुकी है। इसके बावजूद ताजा घटना सामने आने से स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की।

थाना प्रभारी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गढ़ अवनीश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर का सूक्ष्म निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए तथा दोषियों की पहचान के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की जाए। साथ ही आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

आज दोपहर 1 बजे होगी बजरंग दल, आरएसएस और श्रद्धालुओं की बैठक

घटना के विरोध और आगे की रणनीति तय करने के लिए आज दोपहर 1 बजे मंदिर परिसर में बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं एवं मंदिर के भक्तों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मंदिर की सुरक्षा, मूर्ति खंडित किए जाने की घटना, धार्मिक सामग्री की चोरी और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रशासन के समक्ष मांगें रखने और आगे की कार्रवाई की रणनीति तय की जाएगी।

धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने वाली घटनाओं पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द कायम रहे।

घटना के संबंध में रिपोर्टकर्ता रावेंद्र गुप्ता, सूर्यपाल गुप्ता, मगन बाबू कचेर, सीताराम गुप्ता, अंकित सोनी, रामहित यादव सहित अन्य ग्रामीणजनों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।





Post a Comment

Previous Post Next Post