| आमिर खान की तीसरी शादी पर भड़के मंत्री नितेश राणे, एक्टर को बताया 'लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर |
मुंबई - बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान द्वारा 5 जुलाई को की गई तीसरी शादी अब एक बड़े सियासी विवाद में तब्दील हो गई है। 61 साल के आमिर खान ने अपनी 47 वर्षीय गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ कोर्ट मैरिज की है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पहले से ही दो धड़ों में बंटा हुआ था। लेकिन अब इस मामले में महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे की एंट्री हो गई है, जिन्होंने एक्टर पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें 'लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर' करार दे दिया है।
नितेश राणे का विवादित बयान, बोले- 'हिंदू समाज सोचे'
मंत्री नितेश राणे ने आमिर खान की शादी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए हिंदू समाज से उनकी फिल्में न देखने की अपील की है। राणे ने कहा, "जब मशहूर हस्तियां अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर ऐसे फैसले लेती हैं, तो हिंदू समाज को इस पर सोचना चाहिए। लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर कौन है? आमिर खान ऐसे नहीं बन रहे हैं? जो हिंदू युवा उनकी फिल्में देखते हैं, उन्हें ऐसे एक्टर्स को बड़ा बनाने से पहले सोच-समझकर राय बनानी चाहिए।" राणे ने आगे कहा कि जो लोग ऐसी हस्तियों को अपना सेलिब्रिटी मानते हैं, उन्हें अपने विचारों पर फिर से गौर करना चाहिए कि इनकी फिल्में देखी जाएं या नहीं।
बयान पर मचा घमासान
नितेश राणे के इस बयान के बाद सियासी और सामाजिक गलियारों में हंगामा खड़ा हो गया है। कई लोग महाराष्ट्र के मंत्री के इस बयान को बेहद गैर-जिम्मेदाराना और विवादित बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बंटी जनता
गौरतलब है कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट की इस रजिस्टर्ड मैरिज में सिर्फ परिवार और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। जहां इंटरनेट पर एक पक्ष इस उम्र में शादी करने के लिए आमिर को ट्रोल कर रहा है, वहीं दूसरा पक्ष इसे उनका निजी फैसला बताकर उनका समर्थन कर रहा है। बता दें कि आमिर खान की यह तीसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने 1986 में रीना दत्ता (तलाक 2002) और 2005 में किरण राव (तलाक 2021) से शादी की थी। वहीं उनकी तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट की भी यह दूसरी शादी है और पहली शादी से उनका एक 6 साल का बेटा है।