| युवराज सिंह ने वैभव सूर्यवंशी को दिया खास निकनेम, अभिषेक शर्मा ने बयां किए अपने जज्बात! |
नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले युवा खिलाड़ियों को एक बेहद अनोखा निकनेम दिया है। युवराज ने बेखौफ अंदाज में खेलने वाले बल्लेबाजों की तुलना हॉलीवुड की मशहूर फिल्म 'टर्मिनेटर' के किरदारों से की है। युवराज सिंह ने खुद को पहला 'टर्मिनेटर' बताया, जबकि उन्होंने विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा को 'टर्मिनेटर 4' और महज 15 साल के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को 'टर्मिनेटर 6' का नया निकनेम दिया है.
युवराज सिंह ने क्या कहा? विंबलडन का पुरुष एकल फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे युवराज सिंह ने खिलाड़ियों की आक्रामक शैली पर बात करते हुए कहा, "मैं खुद को टर्मिनेटर कहता हूं। अब अभिषेक शर्मा के रूप में 'टर्मिनेटर 4' आ गया है, क्योंकि वह मुझसे चार गुना बेहतर है। और अब वैभव सूर्यवंशी के रूप में 'टर्मिनेटर 6' आ चुका है।" युवराज का मानना है कि खेल लगातार आगे बढ़ रहा है; जो काम उन्होंने अपने दौर में शुरू किया था, अभिषेक उसे आगे ले गए और अब 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी नए मानक स्थापित कर रहे हैं. युवराज ने वैभव के साथ भी समय बिताने और काम करने की इच्छा जताई है.
अभिषेक शर्मा ने क्या कहा? युवराज सिंह को अपना मेंटर और आदर्श मानने वाले अभिषेक शर्मा ने इस मौके पर वैभव सूर्यवंशी के जज्बातों को बखूबी समझा. अभिषेक शर्मा ने वैभव को लेकर कहा, "मैं अच्छी तरह समझ सकता हूं कि वैभव इस समय कैसा महसूस कर रहा है, क्योंकि युवराज पाजी मेरे भी आदर्श हैं। मुझे आज भी याद है जब मैं उनसे पहली बार मिला था, तब मुझे भी बिल्कुल वैसा ही महसूस हुआ था जैसा आज वैभव को हो रहा है।"
युवराज पाजी से मिले इस अनोखे निकनेम और मार्गदर्शन पर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि युवराज सिंह से मिलना उनके लिए बेहद खास पल था और उनसे खेल के मानसिक पहलू, दबाव से निपटने तथा आत्मविश्वास बनाए रखने के कई अमूल्य सबक सीखने को मिले हैं.