| 'अभियान संवेदना' का कड़ा एक्शन: रायगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार |
रायगढ़ - छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। महिला थाना और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
निर्माणाधीन मकान में की घिनौनी करतूत
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि दरोगा पारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में एक व्यक्ति द्वारा नाबालिग बालिका के साथ आपत्तिजनक कृत्य किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने आई। इसके बाद 11 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ लफ्फू उर्फ विजय सारथी ने दुष्कर्म किया है।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर महिला थाना में आरोपी लफ्फू उर्फ विजय सारथी (उम्र 38 वर्ष, निवासी दरोगा पारा, बुढ़मई मंदिर के पास) के खिलाफ अपराध क्रमांक 65/2026, धारा 65 (1) बी.एन.एस. और धारा 4 पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता और पुलिस स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह की दो टूक चेतावनी
इस मामले पर कड़ा संदेश देते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा, "महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे जघन्य अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी नीति जीरो टॉलरेंस की है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ त्वरित व कानून के अनुसार सबसे कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।