शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप: नईगढ़ी पुलिस ने 23 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप: नईगढ़ी पुलिस ने 23 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार

मऊगंज - जिले की नईगढ़ी पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने के आरोप में एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 9 जुलाई 2026 को नईगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि उसकी आरोपी युवक से करीब एक वर्ष से जान-पहचान थी। आरोप है कि 21 जून 2026 को युवक उसे शादी का आश्वासन देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि बाद में आरोपी ने उसे अपने साथ रखने और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए नईगढ़ी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम तथा एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

थाना प्रभारी नईगढ़ी गोविंद प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी हर्ष नामदेव (23) निवासी ग्राम रघुनाथगंज, थाना मनगवां, जिला रीवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। कार्रवाई में उप निरीक्षक पी.डी. सोनवंशी, प्रधान आरक्षक रामकुमार भास्कर, आरक्षक सुरेंद्र यादव सहित नईगढ़ी थाना पुलिस के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post