नवपदस्थ एसपी चंद्र मोहन सिंह ने संभाला दंतेवाड़ा की कमान, पदभार लेते ही अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

नवपदस्थ एसपी चंद्र मोहन सिंह ने संभाला दंतेवाड़ा की कमान, पदभार लेते ही अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

दंतेवाड़ा - भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी श्री चन्द्र मोहन सिंह ने आज, 13 जुलाई 2026 को दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए कप्तान का आत्मीय स्वागत किया और उनके सफल व जनोन्मुखी कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

निवर्तमान एसपी गौरव राय को दी गई भावभीनी विदाई

दंतेवाड़ा से पुलिस अधीक्षक, बलौदा बाजार के पद पर स्थानांतरित हुए निवर्तमान एसपी श्री गौरव राय (IPS) को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया। विदाई समारोह के दौरान उपस्थित स्टाफ ने उनके सफल कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त किया और उनके नए दायित्वों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

पदभार ग्रहण करते ही ली परिचयात्मक बैठक, कानून-व्यवस्था की समीक्षा

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद नवागत पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन सिंह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक आयोजित की। इस बैठक में उन्होंने दंतेवाड़ा की कानून-व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान, पुनर्वास योजना, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न संवेदनशील विषयों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

नवागत एसपी की दो टूक: आम जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह हो पुलिसिंग

बैठक के दौरान एसपी चंद्र मोहन सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिले में आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी और जन-केंद्रित पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। उन्होंने अपराधों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निराकरण, जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने दंतेवाड़ा पुलिस के मुख्य उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा, "हमारा लक्ष्य नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास और सहयोग को सर्वोपरि रखते हुए एक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था स्थापित करना है।" इसके साथ ही उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी टीम भावना, अनुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post