कुएं से मोटर चोरी कर फरार हुए चोर, किसानों में दहशत; गढ़ थाना क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातें

कुएं से मोटर चोरी कर फरार हुए चोर, किसानों में दहशत; गढ़ थाना क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातें  

रीवा - जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब अज्ञात चोरों ने एक किसान के खेत में लगे कुएं की मोटर पर हाथ साफ कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित किसान ने गढ़ थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की तलाश कर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गढ़ निवासी रामगोविंद मिश्रा (पिता स्वर्गीय भगवानदास मिश्रा) ने थाना प्रभारी गढ़ को दिए आवेदन में बताया है कि 18 और 19 जुलाई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके कुएं में लगी 0.5 हॉर्स पावर की कृषि मोटर चोरी कर ली। उनका खेत गढ़ ओवरब्रिज के दक्षिण बायपास के पश्चिम दिशा में स्थित ट्रांसफार्मर के समीप है, जहां सिंचाई के लिए मोटर स्थापित की गई थी।

पीड़ित किसान ने बताया कि जब वह सुबह खेत पहुंचे तो कुएं में लगी पाइप निकली हुई थी और मोटर गायब थी। चोर बड़ी ही सफाई से केवल मोटर को खोलकर ले गए, जबकि अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया गया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है।

किसानों की मेहनत पर चोरों की नजर

बरसात और खेती-किसानी के इस महत्वपूर्ण समय में सिंचाई के उपकरणों की चोरी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। कृषि कार्यों में उपयोग होने वाली मोटर चोरी होने से किसान को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खेती प्रभावित होने की चिंता भी सताने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता है, जिससे ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

पीड़ित किसान ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर अज्ञात चोरों की पहचान करने तथा चोरी गई मोटर बरामद कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो किसानों की मेहनत और सुरक्षा दोनों पर संकट खड़ा हो जाएगा।

बड़ा सवाल

क्या गढ़ थाना क्षेत्र में सक्रिय हो गया है कृषि उपकरण चोरों का गिरोह? आखिर किसानों के खेत और सिंचाई के साधन कब तक चोरों के निशाने पर रहेंगे? ग्रामीणों ने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कृषि उपकरणों की चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए तथा चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा किया जाए, ताकि किसानों में सुरक्षा का भरोसा कायम रह सके। गढ़ में चोरी की घटनाओं से शासकीय कार्यालय, किसान, व्यापारी ,मजदूर, राहगीर सभी लोग चोरी की घटनाओं से प्रभावित हो चुके हैं आज तक कई चोरियों का खुलासा नहीं हो पा रहा है जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि कहीं ना कहीं चोरों का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध बीट प्रभारियों से दिखता है यह तो जांच के बाद पता चलेगा

Post a Comment

Previous Post Next Post