विधायक जी! आखिर कब तक गड्ढों में हिचकोले खाएगी जनता? मनगवां विधानसभा के देवरी सेंगरान से ग्राउंड रिपोर्ट

विधायक जी! आखिर कब तक गड्ढों में हिचकोले खाएगी जनता? मनगवां विधानसभा के देवरी सेंगरान से ग्राउंड रिपोर्ट

मऊगंज - विकास के दावों के बीच जमीनी हकीकत बयां करती एक बेहद जर्जर सड़क इन दिनों मऊगंज जिले के नईगढ़ी जनपद क्षेत्र अंतर्गत देवरी सेंगरान (मनगवां विधानसभा) में राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। मुख्य मार्ग की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि इसे सड़क कहें या गड्ढों का मैदान, यह समझ पाना मुश्किल है।

इस बदहाल मार्ग से रोजाना करीब चार-पांच गांवों की जनता और स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जो बारिश के दिनों में छोटे तालाबों का रूप ले लेते हैं। स्थिति यह है कि राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है और स्कूली बच्चों के साथ हर वक्त हादसे का डर बना रहता है।

वादे निकले झूठे, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

सड़क की इस दुर्दशा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र प्रजापति से इस सड़क को ठीक कराने की गुहार लगाई है, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ झूठे आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं मिला।

अब पीड़ित जनता सीधे जनप्रतिनिधियों से तीखे सवाल पूछ रही है:

  • आखिर कब तक आम जनता इन टूटी सड़कों पर हिचकोले खाती रहेगी?

  • चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे करने वाले विधायक जी अब जनता की सुध क्यों नहीं ले रहे?

  • क्या जनप्रतिनिधित्व सिर्फ चुनाव तक ही सीमित है और सड़क मरम्मत का बजट कहां जा रहा है?

उग्र आंदोलन की चेतावनी

समस्या का समाधान न होने पर स्थानीय लोगों और बच्चों के अभिभावकों ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को कड़ी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं कराया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि विधायक नरेंद्र प्रजापति इस गंभीर जनसमस्या का संज्ञान कब तक लेते हैं, या फिर जनता को इसी तरह बदहाली के भरोसे छोड़ दिया जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post