सेमरिया पुलिस ने छात्राओं को किया जागरूक, "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत दिया नशामुक्ति का संदेश

सेमरिया पुलिस ने छात्राओं को किया जागरूक, "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत दिया नशामुक्ति का संदेश

रीवा - मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक रीवा के निर्देशन में शनिवार को थाना सेमरिया पुलिस ने सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेमरिया में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं बल्कि उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि आज के युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में हो या नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

थाना प्रभारी ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस का यह विशेष अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को जागरूक कर नशामुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर माध्यमों से फैल रही गलत प्रवृत्तियों तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में छात्राओं को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सेमरिया पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाते हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाकर एक स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post