| 611 अंक के साथ शैलजा ने रचा सफलता का इतिहास, NEET में हासिल की AIR 6923, पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल |
मऊगंज - प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ग्राम टेढ़ताल, पोस्ट खर्रा, जिला मऊगंज की होनहार छात्रा शैलजा तिवारी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) में शानदार सफलता अर्जित कर परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और विंध्य क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। शैलजा ने 720 में से 611 अंक प्राप्त कर 99.6453314 पर्सेंटाइल, ऑल इंडिया रैंक (AIR) 6923 तथा जनरल कैटेगरी रैंक 3019 हासिल की है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है। शैलजा, रवि प्रकाश तिवारी एवं मनोरमा तिवारी की सुपुत्री हैं। बचपन से ही मेधावी एवं अनुशासित रही शैलजा ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता को परिवार के संस्कार, माता-पिता के मार्गदर्शन तथा कठिन परिश्रम का प्रतिफल माना जा रहा है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बाबा श्री कुंजमणि प्रसाद तिवारी, बड़े पिताजी दयाशंकर तिवारी, चाचा विवेकानंद तिवारी, शिवा मेडिकल स्टोर के संचालक शिवचरण तिवारी, सुदीप तिवारी, संजीव पाण्डेय, शशिकांत भारती सहित समस्त परिवारजनों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की तथा शैलजा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिवारजनों ने कहा कि शैलजा की यह सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे टेढ़ताल, खर्रा, मऊगंज क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। वहीं क्षेत्र के नागरिकों, शिक्षकों, मित्रों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने भी शैलजा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह सिद्ध करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
शैलजा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सहयोग को देते हुए कहा कि उनका सपना एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।