रीवा: पीएम आवास और लाडली बहना योजना के नाम पर ठगी करने वाला शातिर ठग पंकज चतुर्वेदी गिरफ्तार
रीवा/बैकुंठपुर - थाना बैकुंठपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर ठग को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना और लाडली बहना योजना जैसी सरकारी स्कीमों के नाम पर भोली-भाली महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। थाना प्रभारी श्रृंगेश सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इस शातिर जालसाज को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
महिलाओं को जाल में फंसाकर की थी डेढ़ लाख की ठगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पंकज चतुर्वेदी उर्फ मोंटी (निवासी सलैया) ने ग्राम सलैया की गरीब महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास और लाडली बहना योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया था। वह महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर लगभग डेढ़ लाख रुपए की ठगी कर फरार हो गया था। आरोपी के खिलाफ थाना बैकुंठपुर में पहले से ही ठगी और जालसाजी के 6 गंभीर मामले दर्ज हैं।
चेन्नई में काट रहा था फरारी, गांव लौटते ही पुलिस ने दबोचा
ठगी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पंकज चतुर्वेदी पुलिस से बचने के लिए मद्रास (चेन्नई) की तरफ भाग गया था और वहीं अपनी फरारी काट रहा था। 29 मई 2026 को थाना प्रभारी श्रृंगेश सिंह राजपूत को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी लुका-छिपी कर अपने गांव में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और दबिश देकर शातिर ठग को धरदबोचा। जैसे ही ग्राम सलैया के लोगों को मोंटी की गिरफ्तारी की खबर मिली, पूरे गांव ने राहत की सांस ली और बैकुंठपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की।
"अपराधी अपराध छोड़ दें, नहीं तो बख्शे नहीं जाएंगे" — थाना प्रभारी का सख्त संदेश
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बैकुंठपुर थाना प्रभारी श्रृंगेश सिंह राजपूत ने क्षेत्र के बदमाशों और अपराधियों को कड़ा संदेश जारी किया है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि:
"क्षेत्र में किसी भी तरह की गुंडागर्दी या जालसाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधी या तो अपराध करना छोड़ दें, वरना वे कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे। हर एक अपराधी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
शातिर ठग पंकज चतुर्वेदी को गिरफ्तार करने वाली टीम में मुख्य रूप से शामिल रहे:
थाना प्रभारी: श्रृंगेश सिंह राजपूत
सहायक उपनिरीक्षक (ASI): मनोज बागरी
प्रधान आरक्षक (HC): अश्वनी शुक्ला, सतेंद्र पांडे
आरक्षक: आशुतोष मिश्रा, शशांक यादव, एवं अजय बागरी