| भारत स्वाभिमान न्यास गुना की बृहद कार्यकारिणी बनी भारत स्वाभिमान न्यास की बैठक संपन्न |
गुना - परम पूज्य स्वामी रामदेव जी एवं डॉ. साध्वी देवप्रिया जी के संदेशों से प्रेरणा लेकर "घर-घर योग" अभियान को धरातल पर उतारने के लिए भारत स्वाभिमान न्यास, गुना ने एक बड़ा कदम उठाया है। गुना शहर के प्रत्येक नागरिक तक योग को पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को संस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से लगभग 50 सदस्यों की एक मजबूत और बृहद कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस नई टीम का मुख्य लक्ष्य गुना के हर वार्ड और हर सार्वजनिक पार्क में निशुल्क योग कक्षाएं संचालित करना है।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ गठन
यह बैठक भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी एवं राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉ. एम.के. विश्वास के नेतृत्व और अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत सिसोदिया कॉलोनी स्थित शहीद पार्क में नियमित योग सत्र के उपरांत प्रातः 7:00 बजे हुई। इस दौरान संगठन को मजबूती देने के लिए पुराने और नए दायित्व प्राप्त करने वाले सभी सदस्यों का जिला कार्यकारी टीम द्वारा अंग वस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया। सभी सदस्यों ने तन-मन-धन से इस सेवा कार्य में जुटने का संकल्प लिया।
इन पदाधिकारियों को मिला दायित्व
संगठन में पूर्ववत दायित्व संभाल रहे वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ कई नए चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं:
वरिष्ठ व जिला पदाधिकारी: संरक्षक एवं आजीवन सदस्य दानदाता जगदीश प्रसाद अग्रवाल (मऊ वाले), वरिष्ठ योग शिक्षक एवं संरक्षक ओ.पी. शर्मा, जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, जिला संगठन मंत्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष निर्भय सिंह रघुवंशी, जिला संवाद प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव, तहसील प्रभारी धनीराम ग्वाल और सह प्रभारी विजय साहू अपने पदों पर यथावत कार्य करते रहेंगे।
नवीन जिला कार्यकारिणी: जिला सह प्रभारी का दायित्व सतीश शर्मा (पप्पू भैया) को सौंपा गया है। इसके अलावा के.पी. सिंह किरार, मोनू रघुवंशी, मनोज कुशवाहा, संजय वर्मा और चंचल भौमिक को जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
गुना नगर व तहसील टीम: नगर तहसील सह प्रभारी के रूप में चतुर्भुज ग्वाल एवं सोनू भार्गव को नियुक्त किया गया है। मीडिया की जिम्मेदारी संभालते हुए हरिप्रसाद शर्मा को तहसील मीडिया प्रभारी और केशव शर्मा को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
तहसील कार्यकारिणी सदस्य: डॉ. एम.एल. मंगल, प्रेम नारायण ग्वाल, जगदीश साहू, भगवत सिंह जादौन, गेंदालाल ग्वाल, दीपक श्रीवास्तव, ठाकुर लाल ग्वाल, प्रदीप व्यास, नरेंद्र कलावत, संजीव धाकड़, चंद्र मोहन ओझा, हरि ओम रघुवंशी, चैन सिंह जाटव, मनोज कुमार राठौर, होती राम गिरी, घनश्याम राजोरिया, वीरेंद्र मीणा, मुकेश कुशवाह, केशव ब्रह्म भट्ट और आनंद रजक शामिल हैं।
ग्रामीण और अन्य तहसीलों में भी प्रभारियों की नियुक्ति
गुना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य तहसीलों में भी योग के विस्तार के लिए प्रभार सौंपे गए हैं:
गुना (ग्रामीण): तहसील प्रभारी जगदीश शर्मा, डॉ. मोनू ओझा सहित कार्यकारिणी सदस्य मुरारी प्रजापति, सुरेश शर्मा, मनोहर गौर, विशन लाल अग्रवाल, राजेंद्र श्रीवास्तव, विष्णु प्रसाद शर्मा और उमाशंकर शर्मा को शामिल किया गया है।
अन्य तहसील प्रभारी: आरोन से धर्मेंद्र रघुवंशी, चाचौड़ा (बीनागंज) से राजेश शर्मा, कुंभराज से परमाल सिंह चौहान, राघोगढ़ से सुरेश कुशवाह, मधुसूदनगढ़ से प्रफुल्ल साहू और बमोरी से महावीर शर्मा को योग क्रांति की कमान सौंपी गई है।
'योग करो और कराओ' के संकल्प से समापन
बैठक के अंतिम चरण में सभी उपस्थित सदस्यों ने "योग करो और कराओ" का सामूहिक संकल्प लिया। इसके पश्चात नवनियुक्त जिला सह प्रभारी सतीश शर्मा (पप्पू भैया) द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों और राष्ट्रभक्त योग साधकों का आभार व्यक्त किया गया। शांति पाठ और स्वल्पाहार के साथ इस गरिमामयी बैठक का सफलतापूर्वक समापन हुआ।