विश्व रक्तदाता दिवस पर 123वीं बटालियन सीआरपीएफ भरवेली में रक्तदान शिविर आयोजित Aajtak24 News

विश्व रक्तदाता दिवस पर 123वीं बटालियन सीआरपीएफ भरवेली में रक्तदान शिविर आयोजित Aajtak24 News

बालाघाट - विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को 123वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भरवेली परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्वैच्छिक एवं अवैतनिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान देना था। कार्यक्रम की शुरुआत वाहिनी के कमांडेंट श्री हजारी लाल द्वारा अधिकारियों एवं जवानों को रक्तदान के महत्व और इसकी आवश्यकता के संबंध में शपथ दिलाकर की गई। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों से समाज में स्वैच्छिक और निःशुल्क रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इसके पश्चात वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के सफल संचालन के लिए रेडक्रॉस सोसायटी जिला अस्पताल बालाघाट की टीम ने आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं और रक्त संग्रहण की प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। रक्तदान के बाद कमांडेंट श्री हजारी लाल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें फल एवं पेय पदार्थ वितरित किए। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने जवानों की सामाजिक जिम्मेदारी एवं सेवा भावना की सराहना की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर पटेल, सहायक कमांडेंट श्री रामजस यादव, निरीक्षक जय कुमार, लैब इंचार्ज श्री सुरेन्द्र कुमार नागपोरे, नर्सिंग अधिकारी श्रीमती वैशाली डोंगरे तथा उनकी टीम सहित वाहिनी के सभी अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर के माध्यम से 123वीं बटालियन सीआरपीएफ ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जनसेवा के संकल्प को एक बार फिर प्रदर्शित किया। कार्यक्रम ने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों को मानव जीवन बचाने के इस महत्त्वपूर्ण अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post