
शहडोल; किसानों को नहीं होगी परेशानी… SDM ने उपार्जन केंद्र पर पहुंचकर परखी हकीकत Aajtak24 News
शहडोल - अमृता गर्ग ने सोमवार को जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत संचालित सामतपुर गेहूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से शासन द्वारा तय मापदंडों के अनुसार ही गेहूं खरीदी की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए छायादार बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, तौल कांटे, बारदाने और अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं।
एसडीएम श्रीमती गर्ग ने केंद्र पर पहुंचे गेहूं की गुणवत्ता का परीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता जांच में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और मानक से कम गुणवत्ता वाले गेहूं की खरीदी न की जाए। साथ ही किसानों को प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उपार्जन कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी भी एसडीएम को दी। प्रशासन का कहना है कि गेहूं खरीदी प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर भुगतान और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- हर साल उपार्जन केंद्रों के निरीक्षण होते हैं, फिर भी किसान तौल में गड़बड़ी और घंटों इंतजार की शिकायत क्यों करते हैं?
- क्या प्रशासन यह सार्वजनिक करेगा कि जिले के कितने उपार्जन केंद्रों पर अभी भी पर्याप्त बारदाना और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं?
- गेहूं की गुणवत्ता जांच में पारदर्शिता की बात की जाती है, लेकिन क्या रिजेक्ट किए गए गेहूं का स्वतंत्र सत्यापन कराने की कोई व्यवस्था है ताकि किसानों के साथ पक्षपात न हो?