![]() |
| गढ़ में मां दुर्गा को अर्पित हुआ छप्पन भोग, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु |
गढ़, रीवा। रीवा जिले के गढ़ कस्बे सहित नवीन मऊगंज जिले के ग्रामीण अंचलों और शहरी क्षेत्रों में नवरात्रि के अवसर पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। माता रानी के जयकारों और देवी गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो रहा है।
इसी क्रम में गढ़ कस्बे के बुधवार बाजार में भाईचारा क्लब पार्टी दुर्गा उत्सव समिति एवं न्यू संघर्ष दुर्गा उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मां दुर्गा की आकर्षक झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
महाआरती के बाद माता रानी को लगाया छप्पन भोग
कार्यक्रम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती की गई। इसके बाद मां दुर्गा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। माता रानी के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। आयोजन के दौरान गंगा आरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। वहीं, अष्टमी के अवसर पर मनकाठी माता मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
समितियों के सदस्यों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में न्यू संघर्ष दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष निगम गुप्ता सहित राकेश गुप्ता, श्रवण गुप्ता, मिथुन गुप्ता, सुमित गुप्ता, नितेश नामदेव, अभिषेक गुप्ता, राहुल गुप्ता, अंकित गुप्ता, विक्की गुप्ता, शोभित गुप्ता और रूपेश गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं, भाईचारा कमेटी के अध्यक्ष रमेश गुप्ता, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, कोषाध्यक्ष रामजी गुप्ता, उपकोषाध्यक्ष सुखेन्द्र गुप्ता, सचिव विजय गुप्ता एवं उपसचिव दिलखुश सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों, युवाओं और श्रद्धालुओं ने भी भागीदारी निभाई।
धार्मिक आयोजन ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
गढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत किया। सामूहिक पूजा-अर्चना, महाआरती और छप्पन भोग के आयोजन में लोगों की भागीदारी ने उत्सव की रौनक बढ़ाई। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। नवरात्रि के दौरान क्षेत्र में जारी धार्मिक आयोजनों से पूरे अंचल में उत्सव और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।

