| NH-30 पर काल बनी रफ्तार: कार की टक्कर से ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे, महिला की मौत, 4 घंटे हाइवे जाम Aajtak24 News |
रीवा - रफ्तार के जुनून ने एक बार फिर एक हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। रविवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घूमा ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा सवार एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रयागराज जा रहा था दंपत्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लोरी नंबर-01 (थाना गढ़) निवासी सुनील साकेत अपनी पत्नी शीला साकेत (32 वर्ष) के साथ ई-रिक्शा से प्रयागराज की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे जैसे ही वे घूमा ब्रिज के पास पहुँचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार XL6 कार (क्रमांक MH04 MA 0850) ने उन्हें बेरहमी से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी घातक थी कि शीला साकेत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में सुनील के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
शव सड़क पर रख ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित लोगों ने मृतक महिला का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक हाईवे पूरी तरह ठप रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। यात्री और ट्रक चालक घंटों परेशान रहे।
प्रशासन के आश्वासन पर खुला जाम
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए त्यौंधर तहसीलदार राजेंद्र शुक्ला और गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और शासन की विभिन्न योजनाओं (संबल कार्ड, अंत्येष्टि सहायता और महिला बाल विकास विभाग) के तहत आर्थिक मदद दिलाने का लिखित आश्वासन दिया। प्रशासन की समझाइश के बाद 4 घंटे बाद जाम खुला। पुलिस ने आरोपी वाहन को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव भेज दिया है। अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और रफ्तार नियंत्रण पर सवाल खड़े कर गया है।