![]() |
| अनूपपुर; ICU में पहुंचा प्रशासन! कलेक्टर ने अस्पताल की ‘सांसों’ का लिया हाल Aajtak24 News |
अनूपपुर - जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत जानने कलेक्टर हर्षल पंचोली स्वयं क्रिटिकल केयर यूनिट पहुंच गए। शुक्रवार को किए गए निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईसीयू कक्ष, नेत्र कक्ष, बेड की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों से मरीजों को मिल रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों को समय पर इलाज और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
कलेक्टर ने अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों की स्थिति और उनके उपयोग की जानकारी भी ली। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल का क्रिटिकल केयर यूनिट गंभीर मरीजों के उपचार का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे में कलेक्टर का यह निरीक्षण स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की निगरानी और जवाबदेही बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. परस्ते, डॉ. एस सी राय सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- जिला अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट में उपलब्ध उपकरणों में कितने पूरी तरह चालू स्थिति में हैं और कितने सिर्फ रिकॉर्ड में दर्ज हैं?
- क्या अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता है, या गंभीर मरीजों को अब भी बड़े शहरों के लिए रेफर करना पड़ता है?
- निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए क्या कोई तय समयसीमा बनाई गई है, या यह दौरा भी सिर्फ औपचारिक समीक्षा बनकर रह जाएगा?
