![]() |
| सीहोर; किसान न छूटे, लाभ न रुके: फार्मर रजिस्ट्री के लिए गांव-गांव लग रहे विशेष कैंप |
सीहोर - किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीहोर जिले में फार्मर रजिस्ट्री अभियान को तेज गति से संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर किसानों की फार्मर आईडी बनाने का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले का कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी केवल एक प्रशासनिक औपचारिकता नहीं है, बल्कि किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में प्रत्येक किसान का पंजीयन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
जिले में अभियान को गति देने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, कृषक मित्र, राजस्व विभाग और कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के साथ उन्हें आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी उपलब्ध करा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को पंजीयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे आसानी से अपनी फार्मर आईडी बनवा सकें। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक किसान इस पहल का लाभ उठा सकें।
कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविरों में पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी बनने के बाद किसानों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा सरकारी अभिलेखों में उनकी जानकारी अद्यतन रहेगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कर उन्हें सरकारी योजनाओं के दायरे में लाया जाए, जिससे कृषि क्षेत्र में विकास और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को और मजबूती मिल सके।
