![]() |
| रायसेन में कलेक्टर ने समाजसेवी संगठनों को सौंपा बदलाव का मिशन |
रायसेन - जिले के समग्र विकास, कुपोषण उन्मूलन और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वैच्छिक संगठनों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, जैविक खेती, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में आयोजित बैठक में जिले में कार्यरत विभिन्न स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कलेक्टर ने संगठनों द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, जल गंगा संवर्धन अभियान, जैविक खेती और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
बैठक में कलेक्टर विश्वकर्मा ने विशेष रूप से पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में कुपोषण की समस्या को गंभीर चुनौती बताते हुए स्वैच्छिक संगठनों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता गतिविधियों और जनभागीदारी के माध्यम से पोषण किट वितरण जैसे कार्यक्रमों को और व्यापक बनाया जाना चाहिए ताकि कुपोषण के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सके।
किसानों को जैविक खेती की ओर प्रेरित करने पर जोर
कलेक्टर ने किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती की तुलना में जैविक खेती लंबे समय में अधिक लाभकारी साबित हो सकती है। किसानों को उद्यानिकी और नगदी फसलों की खेती अपनाने के साथ-साथ मुर्गी पालन, बकरी पालन और अन्य सहायक व्यवसायों की ओर भी प्रेरित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसान यदि समूह बनाकर कार्य करें तो उन्हें उत्पादन, विपणन और संसाधनों के उपयोग में अधिक लाभ मिल सकता है। सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी जा सकती है।
सामाजिक संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण
बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में स्वैच्छिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और कृषि जैसे क्षेत्रों में अपेक्षित परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
संभाग समन्वयक वरुण आचार्य ने भी विभिन्न संगठनों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं जिला समन्वयक कल्याण सिंह राजपूत ने बैठक के एजेंडे की जानकारी देते हुए परिषद द्वारा जिले में संचालित गतिविधियों से अवगत कराया।
बैठक के अंत में विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले संगठनों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
