![]() |
| विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत: एशियन गेम्स ट्रायल्स में शामिल होने की मंजूरी |
नई दिल्ली: भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट को आगामी एशियन गेम्स 2026 के ट्रायल्स में हिस्सा लेने के लिए सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है। शीर्ष अदालत ने शुक्रवार (29 मई) को दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया, जिसमें विनेश को ट्रायल्स में शामिल होने की अनुमति दी गई थी। इस फैसले के बाद विनेश 30 मई को होने वाले महत्वपूर्ण ट्रायल्स में उतरने के लिए पूरी तरह योग्य हो गई हैं।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने विनेश के खेल योगदान की सराहना करते हुए कहा, "अगर कोई और होता, तो बात अलग होती। उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है।" हालांकि, अदालत ने हाई कोर्ट द्वारा इस मामले को संभालने के तरीके और विनेश के डोपिंग-रोधी नियमों के पालन को लेकर कुछ चिंताएं भी जाहिर कीं। यह आदेश भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की उस याचिका पर आया, जिसमें हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई थी।
16 महिला पहलवानों ने दी चुनौती, बुधवार को अगली सुनवाई एक तरफ जहां विनेश फोगाट के लिए रास्ते साफ हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ कुश्ती जगत में नया विवाद खड़ा हो गया है। देश की 16 अन्य महिला पहलवानों ने विनेश को मिली इस राहत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। शीर्ष अदालत इस मामले में आगामी बुधवार को सुनवाई करने के लिए सहमत हो गई है।
याचिकाकर्ता पहलवानों का तर्क है कि विनेश को सीधे ट्रायल्स में अनुमति देना उनके साथ सरासर नाइंसाफी है। इससे एशियन गेम्स के ट्रायल्स पूरी तरह पक्षपातपूर्ण हो जाएंगे, क्योंकि अब एक ही वेट कैटेगरी में तीन मजबूत दावेदार आमने-सामने होंगे। पहलवानों ने अपनी दलील में कहा कि विनेश ने साल 2023 के बाद से कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय मेडल नहीं जीता है, जबकि इस दौरान देश के लिए मेडल जीतने वाली अन्य योग्य महिला पहलवानों को किनारे किया जा रहा है। अब सबकी नजरें बुधवार को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।
