| सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने एक माह चलेगा व्यापक अभियान : दिलीप जायसवाल |
रीवा - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत रीवा जिले में सेवा, जनसंपर्क, जनभागीदारी और रचनात्मक गतिविधियों की व्यापक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। सोमवार को भाजपा संभागीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप जायसवाल ने अभियान की जानकारी दी।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। इसी सेवा यात्रा से समाज के प्रत्येक वर्ग को परिचित कराने और सेवा के संस्कार को मजबूत करने के उद्देश्य से अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलाव और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
सेवा दिवस से होगी अभियान की शुरुआत
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जिले में सेवा दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे। शाम 7 बजे कार्यकर्ता लाभार्थी परिवारों के घर पहुंचकर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाएंगे। भाजपा कार्यालय, विधायक कार्यालय, बूथ स्तर, प्रमुख मंदिरों, चौराहों और घर-घर दीप उत्सव के माध्यम से सेवा भावना का संदेश दिया जाएगा।
विद्यार्थियों की होगी भागीदारी
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की कल्पना और देश के विकास से जुड़े विषयों से परिचित कराया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के माध्यम से नाट्य एवं नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। गांवों, स्कूलों, पंचायतों और सामुदायिक केंद्रों में योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।
आंगन मिलन सेवा में माताओं और बच्चों की सहभागिता
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
लाभार्थियों की जुबानी सामने आएगी सेवा की कहानी
सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के वास्तविक अनुभवों पर आधारित रील्स तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा की जाएंगी। प्रत्येक शक्ति केंद्र से न्यूनतम 10 रील्स तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान
2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर पूरे जिले में स्वच्छता अभियान, श्रमदान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां संचालित होंगी। इसमें नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर सहभागिता करने का आह्वान किया जाएगा।
‘सेवा सेतु’ से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु’ के तहत शिविर लगाए जाएंगे। इनमें पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
7 अक्टूबर को 25 वर्षों की सेवा यात्रा के अवसर पर पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैली आयोजित की जाएगी। इस दौरान ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया जाएगा।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, विकास और अधोसंरचना निर्माण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार काम कर रही है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने, सिंचाई क्षमता बढ़ाने और प्रदेश में निवेश को गति देने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है और आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
19 सितंबर को रीवा पहुंचेगी ‘सेवा यात्रा’
भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत वाराणसी से वडनगर, गुजरात तक आयोजित ‘सेवा यात्रा’ 19 सितंबर को रीवा जिले में प्रवेश करेगी। लगभग 250 बाइक और 500 यात्रियों के साथ चल रही यात्रा चाकघाट के रास्ते जिले में पहुंचेगी। विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा और जनभागीदारी से कार्यक्रम आयोजित होंगे।
वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सेवा, संस्कार और जनभागीदारी को मजबूत करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा और जनभागीदारी की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास है।
उन्होंने बताया कि रीवा जिले के प्रत्येक बूथ और परिवार तक सेवा भावना तथा ‘विकसित भारत-2047’ का संदेश पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे।
पत्रकार वार्ता से पूर्व भाजपा रीवा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप जायसवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया सदस्य योगेंद्र शुक्ला, जिला महामंत्री उमा शंकर पटेल, विवेक गौतम, जीवनलाल साकेत, शरद साहू, रमाशंकर गुप्ता, अमरेश पांडे सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।