धमतरी; महानदी किनारे अवैध उत्खनन का सनसनीखेज खुलासा, कंकाल मिलने के बाद मचा हड़कंप

धमतरी; महानदी किनारे अवैध उत्खनन का सनसनीखेज खुलासा, कंकाल मिलने के बाद मचा हड़कंप

धमतरी। जिले के ग्राम खरेंगा स्थित महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ट्रैक्टर-वाहनों को जब्त किया है। मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब अवैध खुदाई के दौरान पूर्व में दफन किए गए कंकाल बाहर आने की सूचना मिली। घटना के बाद खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार 28 मई को खनिज विभाग को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम खरेंगा में महानदी के किनारे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। शिकायत में यह भी बताया गया कि खुदाई के दौरान पुराने दफन कंकाल बाहर निकल आए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त जांच दल गठित कर मौके पर भेजा।

5 ट्रैक्टर जब्त, कानूनी कार्रवाई शुरू

जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में लगे पांच ट्रैक्टर-वाहनों को जब्त किया गया। वाहन संचालकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लापरवाही पर खनिज निरीक्षक को नोटिस

मामले में प्रशासन ने जवाबदेही तय करते हुए क्षेत्र के खनिज निरीक्षक को लापरवाही के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं संबंधित फर्म की गौण खनिज साधारण रेत भंडारण अनुज्ञा (स्वीकृति) भी निरस्त कर दी गई है। प्रशासन द्वारा कुछ रेत खदानों का सीमांकन कार्य भी कराया जा रहा है ताकि भविष्य में नियमों का उल्लंघन न हो।

कंकाल मिलने से बढ़ी संवेदनशीलता

कलेक्टर ने बताया कि ग्रामीणों की भावनाओं और सामाजिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए खुदाई के दौरान बाहर आए कंकाल को प्रशासन की निगरानी में पुनः सुरक्षित तरीके से दफनाया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन कानून व्यवस्था और सामाजिक समरसता दोनों को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है।

108 प्रकरण दर्ज, 29 लाख से अधिक की वसूली

खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए उड़नदस्ता दल लगातार कार्रवाई कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक ऐसे 108 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में 29 लाख 51 हजार 560 रुपये की शास्ति राशि वसूल कर खनिज मद में जमा कराई गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. यदि अवैध उत्खनन इतना व्यापक था कि खुदाई के दौरान कंकाल तक बाहर आ गए, तो स्थानीय खनिज और राजस्व अमला पहले इसकी जानकारी से अनभिज्ञ कैसे रहा?

2. केवल खनिज निरीक्षक को नोटिस जारी करना पर्याप्त है या अवैध उत्खनन को संरक्षण देने वाले अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होगी?

3. वित्तीय वर्ष में 108 अवैध खनन प्रकरण दर्ज होने के बावजूद अवैध उत्खनन जारी है। क्या वर्तमान निगरानी और दंड व्यवस्था रेत माफियाओं पर प्रभावी रोक लगाने में विफल साबित हो रही है?

Post a Comment

Previous Post Next Post