| सारंगढ़; फल मंडियों पर प्रशासन का छापा: 50 किलो सड़े-गले फल जब्त, दुकानदारों में मचा हड़कंप |
सारंगढ़-बिलाईगढ़ - आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में फल विक्रेताओं के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर पद्मनी भोई साहू के निर्देश पर पिछले तीन दिनों में सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ क्षेत्र में 30 से अधिक फल दुकानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानों में रखे फलों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खराब और सड़े-गले फल पाए गए, जिन्हें तत्काल नष्ट कराया गया।
50 किलो सड़े-गले फल नष्ट
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने निरीक्षण के दौरान लगभग 50 किलोग्राम सड़े-गले फलों को जब्त कर नष्ट कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खराब गुणवत्ता वाले फल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने फल विक्रेताओं को स्वच्छता मानकों का पालन करने और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री ही बेचने के निर्देश दिए।
बिना पंजीयन वाले विक्रेताओं को चेतावनी
जांच के दौरान कुछ दुकानदारों के पास खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया। ऐसे विक्रेताओं को जल्द से जल्द आवश्यक पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीयन के खाद्य सामग्री का विक्रय नियमों का उल्लंघन है और भविष्य में ऐसी स्थिति पाए जाने पर कार्रवाई की जा सकती है।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए लगातार चलेगा अभियान
खाद्य एवं औषधि प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बाजारों, दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। इस अभियान में अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल शामिल रहे। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।