![]() |
| बेमेतरा; सुशासन तिहार में शराब माफियाओं पर शिकंजा: 49 ठिकानों पर छापे, 32 प्रकरण दर्ज |
बेमेतरा - सुशासन तिहार 2026 के दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण और अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग ने जिले में व्यापक अभियान चलाया है। 1 मई से 28 मई 2026 के बीच विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 स्थानों पर छापेमारी की और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 32 प्रकरण दर्ज किए।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी डॉ. पलक नंद और सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान नवागांव, बेरा, उमरिया, सेमरिया, कठौतिया, खैरझिटी, मोहरेंगा, मऊ, अतरिया, मोहलई, बीजाभाट, सिंघौरी, ढोलिया, चोरभट्टी, बहेरा, दाढ़ी सहित शहर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों को जांच के दायरे में लिया गया।
49 स्थानों पर रेड, 32 प्रकरण दर्ज
आबकारी विभाग की टीम ने जिलेभर में सघन छापेमारी करते हुए अवैध शराब के धारण, संग्रहण और विक्रय से जुड़े मामलों में कार्रवाई की। आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), धारा 36(सी) और धारा 36(1)(च) के तहत कुल 32 जमानती प्रकरण दर्ज किए गए। बरामद मदिरा को जब्त कर सीलबंद किया गया तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार मुचलके पर रिहा किया गया।
ढाबों और होटलों में संयुक्त अभियान
28 मई को आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शहर क्षेत्र के विभिन्न ढाबों और होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान छह प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं नवागांव, झाल, मोहरेंगा, कठौतिया, अतरिया, बीजाभाट, चोरभट्टी, बहेरा और शहर क्षेत्र के कई होटल, ढाबों, ठेलों तथा रिहायशी मकानों की भी जांच की गई।हालांकि विभाग ने बताया कि कुल 17 स्थानों की तलाशी के दौरान किसी प्रकार की अवैध मदिरा या अन्य मादक पदार्थ बरामद नहीं हुए।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का दावा
आबकारी विभाग के अनुसार सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद विभागीय अमला गवाहों की उपस्थिति में जांच करता है और बरामद सामग्री को जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करता है।
आमजन से सहयोग की अपील
विभाग ने नागरिकों से अवैध शराब के धारण, संग्रहण और बिक्री की जानकारी तुरंत साझा करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त शिकायतों पर गोपनीयता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
