| सीहोर; विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने हेतु प्रेरित करने के लिए स्कूलों में शिक्षापुंज शिविर आयोजित |
सीहोर - कलेक्टर श्री बालागुरू के. एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव के निर्देशानुसार शिक्षापुंज 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कॉलेजों एवं डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया का उचित मार्गदर्शन देने और उन्हें आगे की शिक्षा जारी रखने हेतु प्रेरित करने के लिए जिले के सभी शासकीय सांदीपनि स्कूलों में शिक्षापुंज शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिप्लोमा कोर्स एवं कक्षा 12 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया एवं कोर्स चयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
डाइट प्राचार्य डॉ अनिता बरगुर्जर ने बताया इस कार्यक्रम का उद्देश्य पॉलिटेक्निक, आईटीआई और उच्च शिक्षा के बारे में विद्यार्थियों को सही जानकारी देना और उन्हें आगे की शिक्षा के लिए प्रेरित करना है, ताकि ड्रॉपआउट को कम किया जा सके। शिविरों में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कॉलेज के प्रोफेसर्स, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक एवं संबंधित अधिकारियों ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी और आगे पढ़ाई निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया।