अवैध क्लीनिक और लैब पर प्रशासन का प्रहार; सारणी में एलोपैथी से इलाज कर रहे BAMS डॉक्टर की दवाएं जब्त Aajtak24 News

अवैध क्लीनिक और लैब पर प्रशासन का प्रहार; सारणी में एलोपैथी से इलाज कर रहे BAMS डॉक्टर की दवाएं जब्त Aajtak24 News

बैतूल - जिले में निजी स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा नियमों की अनदेखी और मरीजों की जान से खिलवाड़ करने के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने 'क्लीन स्वीप' अभियान शुरू किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े के निर्देशन में गठित विशेष दल ने बैतूल और सारणी क्षेत्र के निजी क्लीनिकों, पैथोलॉजी लैब और ब्लड कलेक्शन सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्रों पर गंभीर खामियां मिलने पर उन्हें तत्काल बंद करने और नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।

BAMS डॉक्टर कर रहे थे एलोपैथी से इलाज

सारणी स्थित सांई क्लीनिक के निरीक्षण के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। संचालक डॉ. श्याम बी. घोटकर, जो कि मूलतः बीएएमएस (BAMS) डिग्री धारक हैं, अपने क्लीनिक पर धड़ल्ले से एलोपैथिक पद्धति से मरीजों का उपचार करते पाए गए। वे न केवल एलोपैथिक दवाइयां लिख रहे थे, बल्कि क्लीनिक में भारी मात्रा में इन दवाओं का अवैध स्टोर भी मिला। टीम ने मौके पर ही दवाइयों को जब्त कर सख्त हिदायत दी है।

अवैध लैब और बायोमेडिकल वेस्ट में लापरवाही

निरीक्षण दल ने सारणी में ही दो लैब पर बड़ी कार्रवाई की:

  • लाईफ केयर पैथोलॉजी लैब: यहाँ सैंपल कलेक्शन में किसी भी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा रहा था। संचालन के लिए आवश्यक दस्तावेज न होने के कारण लैब को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।

  • अदिति सैंपल कलेक्शन सेंटर: यहाँ बिना अनुमति के ही संचालन हो रहा था। सबसे गंभीर बात यह मिली कि यहाँ 'बायोमेडिकल वेस्ट' (संक्रमित कचरा) को सामान्य डस्टबिन में फेंका जा रहा था, जो संक्रमण का बड़ा खतरा है। इस अवैध सेंटर को भी तुरंत बंद करा दिया गया।

बैतूल शहर के अस्पतालों को नोटिस

30 अप्रैल को टीम ने बैतूल शहर के वर्धमान क्लीनिक, चैतन्य हॉस्पिटल और सिम्स अस्पताल का निरीक्षण किया।

  • चैतन्य हॉस्पिटल बिना पंजीयन के संचालित पाया गया, जिसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

  • सिम्स अस्पताल और वर्धमान क्लीनिक को अपनी सुविधाओं में सुधार करने और कार्यरत डॉक्टरों की लिखित सहमति व अनुमति संबंधी दस्तावेज पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण दल में ये रहे शामिल

इस पूरी कार्रवाई को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश परिहार, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रांजल उपाध्याय, बीएमओ डॉ. केदार सिंह और डॉ. संजय बडोदिये की टीम ने अंजाम दिया। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना अनुमति या नियमों के विरुद्ध संचालित होने वाले किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post