![]() |
| विधायक की बदतमीजी के विरोध में उतरा कतिया समाज; आज कलेक्ट्रेट में देंगे धरना, तेजा चौक पर होगा पुतला दहन Aajtak24 News |
हरदा - टिमरनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीते दिनों आदिवासी व्यक्ति रामदास ठाकुर की मृत्यु के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मुहिम अब एक नए विवाद में बदल गई है। कतिया समाज के युवा नेता राहुल पवारे के साथ हरदा से कांग्रेस विधायक आर.के. दोगने द्वारा कथित तौर पर की गई बदतमीजी और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के विरोध में समाज ने विधायक के पूर्ण बहिष्कार का निर्णय लिया है।
क्या है पूरा मामला? अखिल भारतीय कतिया समाज धर्मशाला (हंडिया) के अध्यक्ष रामस्वरूप लखोरे ने बताया कि राहुल पवारे समाज के उन सक्रिय युवाओं में से हैं जो हमेशा अनुसूचित जाति और जनजाति के हितों की लड़ाई लड़ते हैं। टिमरनी की घटना में जब वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रयास कर रहे थे, तब विधायक आर.के. दोगने ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। समाज का आरोप है कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह का कृत्य न केवल एक व्यक्ति का, बल्कि पूरे समाज का अपमान है।
आज होगा शक्ति प्रदर्शन विधायक के इस व्यवहार के खिलाफ कतिया समाज ने बुधवार, 6 मई 2026 को दोपहर 1:00 बजे हरदा कलेक्टर कार्यालय पहुंचने का आह्वान किया है। आंदोलन के तहत तेजा चौक पर विधायक का पुतला दहन किया जाएगा और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा आंदोलन इस विरोध प्रदर्शन में समाज की एकता दिखाने के लिए प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी हरदा पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कतिया समाज के प्रांतीय अध्यक्ष सोहन बिल्लौरे, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सोहन उमरिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेश कुल्हारे सहित कई जिलों के जिलाध्यक्ष और ब्लॉक समितियों के पदाधिकारी शामिल होंगे। रामस्वरूप लखोरे ने समाज के सभी बुद्धिजीवियों, युवाओं और वरिष्ठ समाजसेवियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में एकत्रित होकर समाज की एकजुटता का परिचय दें और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करें। इस आंदोलन के चलते जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।

