सीहोर पुलिस का बड़ा धमाका: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ Aajtak24 News

सीहोर पुलिस का बड़ा धमाका: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ Aajtak24 News

सीहोर - जिला पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लगभग 10 लाख रुपये कीमत के चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। यह गिरोह सीहोर के अलावा शाजापुर और आसपास के कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय था और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।

रेत के पीठे से चोरी हुआ था ट्रैक्टर, ऐसे मिला सुराग

वारदात का खुलासा तब शुरू हुआ जब फरियादी देव राय (निवासी भोपाल नाका, सीहोर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 अप्रैल 2026 की तड़के करीब 3-4 बजे मुरली नाका रोड स्थित रेत के पीठे से उनका सोनालिका ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी हो गया है। पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

सीसीटीवी और तकनीक से घेराबंदी

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर संदेही ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अन्य दो साथियों को भी धर दबोचा और भोपाल के भौंरी बकानिया क्षेत्र से चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया।

भोपाल में ठिकाना बनाकर देते थे वारदातों को अंजाम

पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह भोपाल के भौंरी बकानिया इलाके में अपना ठिकाना बनाए हुए था। वहां रहकर ये आरोपी सीहोर, मंडी, इछावर, पार्वती, शुजालपुर, अकोदिया और कालापीपल जैसे थाना क्षेत्रों को निशाना बनाते थे। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने न केवल ट्रैक्टर, बल्कि लोडिंग वाहन जैसे पिकअप, एलपीडी और टवेरा कारें भी चोरी की हैं। पुलिस ने गिरोह के पास से एक ट्रैक्टर, दो ट्रॉली और चोरी में इस्तेमाल की गई एक कार व मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल

पकड़े गए आरोपियों में शामिल हैं:

  1. पवन चोडिया उर्फ लल्ला (22 वर्ष): निवासी ग्राम खेजडिया, जिला शाजापुर।

  2. कृष्ण उर्फ कृष्ण गोस्वामी (19 वर्ष): निवासी अयोध्या बस्ती, शुजालपुर मंडी, जिला शाजापुर।

  3. रोहित वर्मा (25 वर्ष): निवासी ग्राम उलझावन, थाना बिलकिसगंज, जिला सीहोर।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस बड़ी सफलता में कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र यादव, प्रधान आरक्षक पंकज यादव, जितेंद्र वर्मा, आरक्षक वीरेन्द्र सिंह परमार, दीपक जाटव, चेतन चौहान, शुभम, सूरज मोरे, विवेक और साइबर सेल से प्रधान आरक्षक शैलेंद्र सिंह की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post