बीजापुर; अब एक नहीं, चार डस्टबीन रखने होंगे! कचरे पर बदले नियम, उल्लंघन पर कार्रवाई की तैयारी Aajtak24 News

बीजापुर; अब एक नहीं, चार डस्टबीन रखने होंगे! कचरे पर बदले नियम, उल्लंघन पर कार्रवाई की तैयारी Aajtak24 News

बीजापुर - बीजापुर में स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए नगर पालिका परिषद ने अब कचरा प्रबंधन को लेकर सख्त और व्यवस्थित कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन ने मिशन मोड में अभियान शुरू करते हुए साफ संकेत दिया है कि अब शहर में कचरा केवल उठाया नहीं जाएगा, बल्कि उसकी जिम्मेदारी नागरिकों तक भी तय होगी।

इसी उद्देश्य से नगर पालिका परिषद के सांस्कृतिक भवन में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, होटल संचालकों और नागरिकों के साथ विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में नागरिकों को बताया गया कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए अब स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण अनिवार्य किया गया है।

हर घर और संस्थान के लिए 4 डस्टबीन मॉडल

नई व्यवस्था के तहत नागरिकों को चार अलग-अलग रंगों के डस्टबीन उपयोग करने होंगे—

  • हरा डस्टबीन – गीला कचरा
  • नीला डस्टबीन – सूखा कचरा
  • लाल डस्टबीन – सेनेटरी कचरा
  • पीला डस्टबीन – हानिकारक कचरा

नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि अब मिश्रित कचरे की जगह श्रेणीवार कचरा संग्रहण व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर भी सख्ती

बैठक में बताया गया कि पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में जुर्माना और कार्रवाई का प्रावधान भी बताया गया।

बड़े कचरा उत्पादकों पर अलग निगरानी

होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अधिक मात्रा में कचरा उत्पन्न करने वाले संस्थानों के लिए ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य किया गया है। साथ ही ऐसे संस्थानों को अपने परिसर में ही गीले कचरे के निपटान की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानते हुए सहभागी भूमिका निभाएं ताकि बीजापुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सके।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. चार डस्टबीन मॉडल लागू करने से पहले क्या नगर पालिका ने हर घर तक डस्टबीन उपलब्ध कराने या उसकी लागत को लेकर कोई योजना बनाई है?

2. कचरा अलग-अलग देने के बाद क्या नगर पालिका की कलेक्शन व्यवस्था भी अलग-अलग होगी, या बाद में फिर मिश्रित कचरा किया जाएगा?

3. सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई के लिए अब तक कितने निरीक्षण दल बनाए गए हैं और जुर्माने की निगरानी कौन करेगा?

Post a Comment

Previous Post Next Post