![]() |
| शिवपुरी; कलेक्टर ऑफिस के बाहर चला बुलडोजर नहीं, संदेश: अब सड़क या सरकारी जमीन पर नहीं चलेगी मनमानी Aajtak24 News |
शिवपुरी - शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को कलेक्टर कार्यालय क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान कलेक्टर कार्यालय के आसपास किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए और सार्वजनिक मार्गों को अवरोध मुक्त बनाने का प्रयास किया गया।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर में लगातार सफाई और अतिक्रमण विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका टीम ने कलेक्टर कार्यालय के पास कार्रवाई करते हुए संचालित सांची मिल्क पार्लर को हटाया। इसके साथ ही सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अन्य अस्थायी अतिक्रमण भी हटाए गए।
नगर पालिका अमले ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करें और सार्वजनिक स्थानों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करें। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई केवल हटाने तक सीमित नहीं है बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है।
नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ ने बताया कि पूर्व में कई बार समझाइश और अभियान चलाने के बावजूद कुछ स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण हो रहा था। इससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी और शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्य व्यवस्था पर असर पड़ रहा था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख बाजारों, सरकारी परिसरों और सार्वजनिक मार्गों पर निगरानी जारी रहेगी और जहां भी अव्यवस्था या अतिक्रमण मिलेगा वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही व्यापारियों, ठेला संचालकों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे सड़क, फुटपाथ और सरकारी परिसरों के आसपास अतिक्रमण न करें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक और अव्यवस्थित कचरा न फैलाएं।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
1. क्या प्रशासन के पास शहर में सभी स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों की सूची है, और यदि है तो कार्रवाई सिर्फ कलेक्टर कार्यालय क्षेत्र तक सीमित क्यों दिखाई दे रही है?
2. जिन स्थानों से पहले भी अतिक्रमण हटाया गया था और दोबारा कब्जा हुआ, वहां जिम्मेदारी तय कर किसी अधिकारी या संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई हुई है या नहीं?
3. छोटे ठेला संचालकों और पार्लर हटाने के बाद क्या नगर पालिका ने उनके लिए वैकल्पिक स्थान या पुनर्वास की कोई व्यवस्था तैयार की है, या अभियान केवल हटाने तक सीमित रहेगा?
