| गौरेला-पेंड्रा; सामान्य सभा में विकास कार्यों की समीक्षा: गुणवत्ता और समय-सीमा पर सख्त रुख Aajtak24 News |
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही - जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा की अध्यक्षता में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न निर्माण एवं विकास विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य और लोक निर्माण विभाग सहित कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों से चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली गई और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।
मानसून के आगमन को देखते हुए बैठक में जलजनित बीमारियों की रोकथाम को प्राथमिकता दी गई। स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बढ़ाने और आवश्यक दवाओं व उपचार व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही कृषि विभाग के तहत खाद एवं बीज के भंडारण और समय पर वितरण को सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
ग्रामीण विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के लिए जिला अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक का आयोजन कार्यालय परियोजना प्रशासक, एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना गौरेला के सभाकक्ष में किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित जिला पंचायत के सभी सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- क्या विकास कार्यों की लगातार समीक्षा के बावजूद कई विभागों में योजनाएं समय-सीमा से पीछे चल रही हैं, और इसकी जिम्मेदारी तय करने की कोई व्यवस्था है?
- मानसून पूर्व तैयारी की बात हर साल होती है—क्या इस बार जलजनित बीमारियों से निपटने के लिए कोई ठोस और मापनीय कार्य योजना लागू की गई है?
- बैठकों में निर्देश तो दिए जाते हैं, लेकिन क्या जमीनी स्तर पर इन निर्देशों के पालन की कोई स्वतंत्र मॉनिटरिंग या जवाबदेही प्रणाली मौजूद है?