
सांसद जनार्दन मिश्रा पहुंचे ग्राम खर्रा: 91 वर्षीय बुजुर्ग का लिया आशीर्वाद, मेधावी छात्राओं का किया सम्मान Aajtak24 News
रीवा/नईगढ़ी -रीवा के लोकप्रिय सांसद जनार्दन मिश्रा रविवार को नईगढ़ी जनपद के ग्राम पंचायत खर्रा (नीबी 545) पहुंचे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन में सम्मिलित होने के बाद सांसद श्री मिश्रा पूर्व सेवानिवृत्त शिक्षक उग्रसेन राल्ही के निवास पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। यहाँ उन्होंने न केवल आध्यात्मिक आयोजनों में हिस्सा लिया, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके शीघ्र निराकरण का भरोसा भी दिलाया।
धार्मिक अनुष्ठान और आशीर्वाद का संगम
राल्ही परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान शिव मंदिर का उद्यापन एवं श्रीमद्भागवत कथा का समापन व विशाल भंडारा आयोजित था। सांसद ने सबसे पहले भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने राल्ही परिवार के सबसे बुजुर्ग सदस्य, 91 वर्षीय उग्रसेन राल्ही के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सांसद ने सादगी का परिचय देते हुए अपने साथियों के साथ भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया।
प्रतिभाओं का सम्मान और प्रोत्साहन
शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने गांव की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया। श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला संयुक्त सचिव पारसनाथ राल्ही की पुत्री दीपांजलि मिश्रा ने हाईस्कूल परीक्षा में 94.3% अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सांसद ने दीपांजलि और अन्य सफल छात्राओं को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
100 साल का इंतजार होगा खत्म: सड़क का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान उग्रसेन राल्ही ने सांसद के समक्ष गांव की सबसे बड़ी पीड़ा रखी। उन्होंने बताया कि नीबी 545 गांव में पिछले 100 वर्षों से पक्की सड़क नहीं है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर सांसद जनार्दन मिश्रा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए राल्ही परिवार और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण कार्य जल्द ही स्वीकृत कराया जाएगा।
अतिथियों का स्वागत और उपस्थिति
कार्यक्रम में सांसद के साथ आए मंडल अध्यक्ष अंशु सिंह और सरपंच पति शारदा सोनी का रामनामी गमछा और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर रामादर्श राल्ही (पूर्व सेवानिवृत्त जनसंपर्क विभाग), अमृतलाल राल्ही, अवध बिहारी राल्ही, रोहिणी राल्ही, जवाहरलाल राल्ही, लवकुश राल्ही, प्रेमशंकर गौतम (रिटायर्ड फौजी), और भाजपा नेता पवन त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और राल्ही परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
