| कबीरधाम पुलिस की आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, 15 पौवा देशी शराब और नगदी जब्त |
कबीरधाम - पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सिंघनपुरी जंगल पुलिस ने ग्राम कुम्हारी खोलवा तिराहा में दबिश देकर आरोपी के कब्जे से 15 पौवा देशी शराब और नगदी रकम जब्त की है। यह कार्रवाई धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन, पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन में की गई। वहीं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में थाना सिंघनपुरी जंगल टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुम्हारी खोलवा तिराहा में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के बाद थाना प्रभारी राजेश चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी मनीराम कोसले के कब्जे से 15 पौवा प्लेन देशी मदिरा शोले कंपनी की शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की मात्रा 2.700 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत करीब 1200 रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपए नकद भी बरामद किए गए। कुल मिलाकर 1400 रुपए का सामान जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई में पुलिस स्टाफ के कई जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबीरधाम पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब बिक्री, परिवहन और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अवैध कारोबार की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- जब गांवों और तिराहों पर खुलेआम अवैध शराब बिक्री हो रही थी, तो स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था पहले से सक्रिय क्यों नहीं थी?
- क्या पुलिस को यह जानकारी मिली है कि आरोपी किसी बड़े शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा था, या वह अकेले अवैध बिक्री कर रहा था?
- लगातार अभियान और कार्रवाई के दावों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री क्यों नहीं रुक पा रही, क्या आबकारी और पुलिस विभाग के बीच समन्वय में कमी है?