![]() |
| 150 कैमरों की नजर और 5 दिन का 'सस्पेंस': रायपुर पुलिस ने चेन स्नैचर और 'गल्लाखोर' ज्वेलर्स को दबोचा Aajtak24 News |
रायपुर - रायपुर के शंकर नगर इलाके में सुबह की सैर पर निकली एक महिला के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। खाकी की सक्रियता का आलम यह रहा कि अपराधियों तक पहुँचने के लिए पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का जाल खंगाला और अंततः आरोपियों को धर दबोचा।
शंकर नगर में सुबह का सन्नाटा और 'स्पीड' का खेल
घटना 29 अप्रैल 2026 की है, जब चावला टावर के पास प्रार्थिया हेमलता वैध के गले से एक अज्ञात बाइक सवार ने झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली और पलक झपकते ही फरार हो गया। इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में थाना खम्हारडीह और क्राइम टीम को मैदान में उतारा गया।
तकनीकी साक्ष्य और 'छोटू' का कबूलनामा
प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. मानसी साकोरे के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल से लेकर भागने के रास्तों तक लगे लगभग 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बाइक के नंबर और हुलिए के विश्लेषण के बाद पुलिस आरोपी विवेक उर्फ छोटू वर्मा तक जा पहुँची। कड़ाई से पूछताछ करने पर विवेक ने न केवल अपना जुर्म कबूल किया, बल्कि यह भी बताया कि उसने लूटी गई चेन प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी नामक ज्वेलर्स को बेच दी थी।
ज्वेलर्स ने गला दिया सोना, पर पुलिस से नहीं बच सका
पुलिस ने जब ज्वेलर्स प्रशांत केशरवानी को हिरासत में लिया, तो उसने स्वीकार किया कि उसने साक्ष्यों को मिटाने के इरादे से सोने की चेन को तुरंत गला दिया था। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के पास से गला हुआ लगभग 16 ग्राम सोना, 1,50,000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटर सायकल जब्त कर ली है। पकड़े गए दोनों आरोपी तिल्दा नेवरा इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने शहर में अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है।
